Jabalpur News: ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने पेश की मिसाल, सड़क हादसे में घायल महिला को कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल


जबलपुर। शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात पुलिस के एक जवान ने मानवता की मिसाल पेश की। रविवार को आरक्षक ने सड़क हादसे में घायल एक महिला को कंधे पर टांगा और अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ देखती रही। आरक्षक के इस काम पर पुलिस अफसरों ने उसे शाबाशी भी दी है। जानकारी के अनुसार मालवीय चौक ट्रैफिक थाने में पदस्थ आरक्षक जितेन्द्र दुबे की ड्यूटी रविवार रात आगा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए लगाई गई थी। रात लगभग दस बजे आरक्षक ड्यूटी कर रहा था। तभी वहां अज्ञात वाहन ने मोपेड सवार एक महिला को टक्कर मार दी। घटना में मोपेड जहां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं महिला भी जख्मी हो गई।उसके पैर व हाथ से लगातार खून बह रहा था। वहां भीड़ जमा हो गई। कोई वीडियो बना रहा था, तो कोई एम्बुलेंस और पुलिस को बुलाने की बात कर रहा था। तभी भीड़ देखकर आरक्षक वहां पहुंचा। बिना देर किए उसने महिला को उठाया और कांधे पर टांगकर वहां ​स्थित निजी अस्पताल ले गया, जहां महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहां से लौटने के बाद आरक्षक ने महिला की क्षतिग्रस्त मोपेड को सड़क से किनारे कर ट्रैफिक सुचारू किया और फिर व्यवस्था संभाली।

Post a Comment

Previous Post Next Post