लाल किला से 1 करोड़ के सोने के कलश चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार


दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लाल किले में आयोजित जैन धार्मिक आयोजन से हीरे-जड़े सोने के कलश (धार्मिक पात्र) की चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी हुआ कलश 1 करोड़ रुपये से अधिक का बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने सोमवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की और कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद और जानकारी साझा की जाएगी। यह कलश जैन धार्मिक पर्व दस लक्षण महापर्व का हिस्सा था, जिसका आयोजन ऐतिहासिक लाल किले के सामने स्थित 15 अगस्त पार्क में किया गया था। इस 10 दिवसीय आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया था। लेकिन कलश चोरी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी साधु के वेश में आयोजन स्थल में दाखिल हुआ। समारोह और अतिथियों के स्वागत के बीच उसने मौका पाकर एक बैग उठा लिया जिसमें 760 ग्राम का सोने का कलश रखा था। इसमें 150 ग्राम हीरे, रूबी और पन्ना जड़े हुए थे। बैग में अन्य कीमती सामान भी रखा हुआ था।

Post a Comment

Previous Post Next Post