
जबलपुर। शहर के सदर क्षेत्र स्थित आईसीएच (इंटीग्रेटेड कम्युनिटी हेल्थ सेंटर) के सामने खड़ी एक लग्जरी कार में एक सैन्य अफसर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जैसे ही आसपास के लोगों ने कार के भीतर व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा, तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच शुरू की।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मेजर वी. विजयकुमार के रूप में हुई है, जो जबलपुर स्थित सैन्य अस्पताल में पदस्थ थे। मृतक कार की ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में पाए गए, जिससे पुलिस ने प्रथम दृष्टया अनुमान लगाया है कि कॉर्डियक अरेस्ट (हृदयगति रुकना) के कारण उनकी मौत हुई होगी।
पुलिस द्वारा जैसे ही इस घटना की सूचना सैन्य संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को दी गई, आर्मी इंटेलिजेंस (खुफिया विभाग) की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, और पुलिस एवं सैन्य अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेकर हर एंगल से जांच कर रहे हैं।
Tags
Jabalpur