Jabalpur News: घर में अकेली महिला डॉक्टर पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार


खुशी टाइम्स/जबलपुर।
गढ़ा क्षेत्र स्थित श्रीकृष्ण परिसर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ महिला डॉक्टर नीलम सिंह पर एक युवक ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी युवक ने डॉक्टर नीलम सिंह पर उस वक्त चाकू से ताबड़तोड़ वार किए जब वह घर पर अकेली थीं।

जानकारी विस्तार से 

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक चोरी की नीयत से डॉक्टर के घर पहुंचा था। उसने दरवाजे पर दस्तक दी और जैसे ही डॉक्टर ने दरवाजा खोला, उस पर हमला कर दिया। डॉक्टर के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, वहीं गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी की जा रही है। सीएसपी आशीष जैन के अनुसार, आरोपी युवक का नाम मुकुल है और वह पहले भी डॉक्टर से काम मांगने आया था, लेकिन डॉक्टर द्वारा उसे मना कर दिया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इसी बात से नाराज था और चोरी के इरादे से घर में दाखिल हुआ था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, डॉक्टर नीलम सिंह की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि हमले के पीछे और कौन-कौन से कारण या व्यक्ति शामिल हो सकते हैं।

यह घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अकेले रहने वाले नागरिक, विशेषकर महिलाएं, किस प्रकार असुरक्षित महसूस करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post